कुएं से मिले दो मासूमों के शव, गांव में मातम और दहशत

Editor
By Editor 2 Min Read

हत्या की आशंका पर पुलिस की जांच तेज, कई संदिग्धों से पूछताछ जारी

रायपुर। छुईखदान थाना क्षेत्र के ग्राम झुरानदी में रविवार को दो मासूम भाई-बहन के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान तीन वर्षीय करण वर्मा और डेढ़ वर्षीय राधिका वर्मा के रूप में हुई है। दोनों बच्चे दोपहर से लापता थे। परिजनों ने पूरे गांव में तलाश की, लेकिन बच्चों का कोई पता नहीं चला। देर शाम ग्रामीणों को गांव के पास बने पुराने कुएं से दुर्गंध आने पर शक हुआ। सूचना पर थाना प्रभारी शक्ति सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले गए।

शवों की स्थिति देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। बच्चों के मुंह कपड़े से बंधे मिले, जिससे पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू की है। घटना स्थल से कई अहम सुराग मिले हैं और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। शवों को छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां देर रात तक बड़ी संख्या में लोग एकत्र रहे।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामला अत्यंत संवेदनशील है और जांच पारिवारिक विवाद, जमीन संबंधी रंजिश या निजी दुश्मनी जैसे सभी पहलुओं पर की जा रही है। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी की गई है ताकि कोई आरोपी फरार न हो सके।

इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए। मृतक बच्चों के माता-पिता गजानंद वर्मा और मनीषा वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share This Article