प्रसिद्ध पंडवानी गायिका पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई का एम्स रायपुर में स्वास्थ्य परीक्षण

Editor
By Editor 2 Min Read

स्वास्थ्य हुआ कमजोर, चिकित्सकों ने दी नियमित जांच और फिजियोथेरेपी की सलाह

दुर्ग। छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका एवं पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते आज उनके गृहग्राम गनियारी से रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया, जहां उनका विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एम्स रायपुर में मेडिसिन विशेषज्ञ, आहार विशेषज्ञ और न्यूरोलॉजी (स्नायु रोग) विशेषज्ञों की टीम ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही उनके लिए फिजियोथेरेपी उपचार भी प्रारंभ किया गया।

चिकित्सकों ने बताया कि तीजन बाई का शारीरिक स्वास्थ्य फिलहाल कमजोर है, हालांकि उनका रक्तचाप और शुगर स्तर नियंत्रित हैं। उनकी स्मरण शक्ति और पहचानने की क्षमता में कुछ कमी देखी गई है। शरीर में हो रही अकड़न को कम करने के लिए नियमित फिजियोथेरेपी की सलाह दी गई है।

एम्स के विशेषज्ञों ने तीजन बाई को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और फॉलोअप के लिए आने की सलाह दी है। जिला प्रशासन द्वारा गठित मेडिकल टीम उनके स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी कर रही है।

कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में गठित टीम में डॉ. शिखर अग्रवाल (प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, भिलाई-3), खुशबू वर्मा (स्टाफ नर्स), किरण कोरिया (ईएमटी) और हिमांशु (वार्ड बॉय) शामिल हैं।

डॉ. तीजन बाई छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं, जिन्होंने पंडवानी कला को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। प्रदेशवासियों सहित समूचे देश के लोग उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।

Share This Article