आज दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक दावा-आपत्ति का अवसर
रायपुर। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने स्पेशल एजुकेटर (प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक) के 100 पदों पर सीधी भर्ती के लिए पात्र अभ्यर्थियों की अंतरिम सूची जारी कर दी है। संचालनालय द्वारा बताया गया कि प्राप्त दावा-आपत्तियों का परीक्षण एवं निराकरण दावा-आपत्ति समिति द्वारा कर लिया गया है। इसके बाद तैयार की गई अंतरिम सूची संचालनालय की वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in पर प्रकाशित की गई है।
अभ्यर्थियों को इस अंतरिम सूची के संबंध में 28 अक्टूबर 2025 को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। अभ्यर्थियों को स्वयं उपस्थित होकर लोक शिक्षण संचालनालय, प्रथम तल, खंड–C, इंद्रावती भवन, अटल नगर, नवा रायपुर में अपना आवेदन प्रस्तुत करना होगा। दावे के समर्थन में आवश्यक प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में अमान्य किए गए अभ्यर्थियों से दावा-आपत्तियाँ पहले ही ली जा चुकी हैं, अतः वर्तमान अंतरिम सूची पर केवल पात्र अभ्यर्थियों से ही आपत्तियाँ स्वीकार की जाएँगी। साथ ही सूची में नाम दर्ज होना चयन की गारंटी नहीं माना जाएगा।
अभ्यर्थी पात्रता सूची एवं दावा-आपत्ति से जुड़ी सभी जानकारी संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।


