ओवरब्रिज पर बस-ट्रक भिड़ंत, बड़ा हादसा टला ड्राइवर गंभीर, घायल 5 यात्री ज़ख्मी

Editor
By Editor 2 Min Read

कांकेर से रायपुर आ रही यात्री बस ने ओवरब्रिज पर ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की और नियंत्रण खो बैठा

रायपुर। राजधानी रायपुर में रायपुरा चौक ओवरब्रिज के पास शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा करीब रात 4 बजे हुआ, जब कांकेर से रायपुर आ रही यात्री बस ने ओवरब्रिज पर ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन सामने से आ रहे वाहन को देख ड्राइवर ने अचानक मोड़ काटा और नियंत्रण खो बैठा।

बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हुआ, उसका पैर टूट गया और सिर में चोट आई है। साथ ही बस में सवार पांच यात्री भी घायल हो गए हैं। हादसे के तुरंत बाद घायलों को एंबुलेंस से मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत स्थिर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी और ओवरटेक के दौरान पर्याप्त दूरी और सतर्कता नहीं बरती गई, जिससे टक्कर टल नहीं सकी।
सूचना मिलते ही डीडीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटाकर यातायात सुचारु किया गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण लापरवाही और तेज रफ्तार को बताया है। बस चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

इस दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के खतरों को उजागर कर दिया है। गनीमत रही कि हादसा और बड़ा रूप नहीं ले सका, नहीं तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।

Share This Article