*विशेष स्वच्छता अभियान के तहत हुआ अमृत संवाद
*एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टापेज एवं दूसरे प्रवेश द्वार की उठी मांग
भिलाई । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के रायपुर डिवीजन अंतर्गत भिलाई रेलवे स्टेशन पर आज एडीआरएम बजरंग अग्रवाल अमृत संवाद करने पहुंचे। यह अमृत संवाद कार्यक्रम विशेष स्वच्छता अभियान 5.0 के तहत आयोजित किया गया। इस दौरान एडीआरएम बजरंग अग्रवाल ने मौके पर जुटे जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से भिलाई रेलवे स्टेशन की जरुरतों के बारे में पूछा। इस पर एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टापेज और स्टेशन पर दूसरे प्रवेश द्वार सहित रेलवे कालोनी से संबंधित मांगों की ओर एडीआरएम का ध्यानाकर्षण कराया गया।

भारत सरकार ने स्वच्छता पखवाड़ा के मद्देनजर अमृत भारत योजना के तहत विकसित स्टेशनों पर अमृत संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाने का निर्देश दिया है। इसी के पालन में आज भिलाई स्टेशन पर विशेष स्वच्छता अभियान अमृत संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एडीआरएम रायपुर बजरंग अग्रवाल उपस्थित थे। उनके साथ एसीएम शेषमणि पाण्डेय और चीफ स्टेशन मास्टर दुर्ग लखबीर सिंह मुंगेड़ा भी मौजूद थे।

अग्रवाल ने बताया कि भिलाई स्टेशन का अमृत भारत योजना के तहत कायाकल्प किया गया है। स्टेशन का जो विकास हुआ है वह कितना कारगर है और इसके अलावा क्या प्राथमिक होनी चाहिए, इसलिए यह अमृत संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस दौरान लोगों ने स्टेशन पर दूसरे प्रवेश द्वार बनाने की ओर ध्यानाकर्षण कराया है।

मौके पर जुटे जनप्रतिनिधियों ने भिलाई स्टेशन के विकास की सराहना करते हुए उत्तर एवं दक्षिण भारत के लिए चलने वाली कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टापेज देने की मांग की है। पूर्व पार्षद लावेश मदनकर ने रेलवे कालोनी में बिजली, पानी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग रखी। उन्होंने रेलवे कालोनी के जर्जर आवासों की ओर भी ध्यानाकर्षण कराया। पुरैना की पार्षद रंजीता बेनुआ ने पुरैना से भिलाई-3 आने जाने के लिए ओएचई आफिस के पास से ओवरब्रिज निर्माण किए जाने की मांग रखी। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता गणेश शुक्ला ने किया।



