ट्रैफिक आरक्षक को कार से कुचलने का प्रयास, NDPS एक्ट में दो युवक गिरफ्तार

Editor
By Editor 3 Min Read

कार की तलाशी लेने पर उसमें से 25 नग ग्लेनकफ सीरप बरामद किया गया

भिलाई। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई सामने आई। सिरसा गेट पर तैनात ट्रैफिक आरक्षक को तेज रफ्तार में आ रही कार के चालक ने जान से मारने की नीयत से वाहन चढ़ाने की कोशिश की। गनीमत रही कि आरक्षक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कार सवार दोनों युवकों को कुछ ही घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान वाहन से प्रतिबंधित नशीली दवाई बरामद हुई, जिसके बाद आरोपितों पर NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

घटना बुधवार, 15 अक्टूबर की है। ट्रैफिक आरक्षक द्वारा सिरसा गेट के पास तेज और लापरवाहीपूर्वक आ रही स्विफ्ट कार (सीजी 04 क्यूके 5678) को रोकने का प्रयास किया गया। परंतु चालक ने रुकने की बजाय आरक्षक को रौंदने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शहर में घेराबंदी की और कार को रोक लिया। चालक की पहचान नीरज वर्मा (27), निवासी रायपुरा के रूप में हुई, जो अपने चचेरे भाई ऋषभ वर्मा के साथ कार में सवार था। पूछताछ में नीरज ने कबूल किया कि वे कार में नशीली दवाई लेकर जा रहे थे, इसी वजह से पुलिस से बचने का प्रयास किया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें से 25 नग ग्लेनकफ सीरप बरामद किया गया, जो अवैध रूप से बिक्री के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 132, 221 बीएनएस एवं 67 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि त्योहारों को ध्यान में रखते हुए नशे के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा, और इस तरह के अवैध कार्यों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article