सौम्या चौरसिया पर आय से अधिक संपत्ति का मामला, 8000 पन्नों की चार्जशीट कोर्ट में पेश

Editor
By Editor 1 Min Read

बेनामी निवेश और कोयला घोटाले से अवैध कमाई का आरोप, विशेष अदालत में सुनवाई जारी

रायपुर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव रही राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी सौम्या चौरसिया के खिलाफ आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। ईओडब्ल्यू ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत आय से अधिक संपत्ति के मामले में लगभग 8000 पन्नों की चार्जशीट विशेष न्यायालय, रायपुर में दाखिल की है।

जांच में सामने आया है कि चौरसिया ने करीब 49.69 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की, जो उनकी वैध आय से 1872 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने ये संपत्तियां अपने परिवारजनों और परिचितों के नाम पर बेनामी रूप से खरीदीं। वर्ष 2019 से 2022 के बीच उन्होंने कोयला, डीएमएफ और अन्य स्रोतों से कथित अवैध धन अर्जित कर अचल संपत्तियों में निवेश किया।

सौम्या चौरसिया 2008 बैच की प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं और वर्ष 2019 में मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव के पद पर नियुक्त हुई थीं। जांच के अनुसार, उनकी कुल वैध आय 2.51 करोड़ रुपये है, जबकि उन्होंने लगभग 50 करोड़ की संपत्ति अर्जित की। मामला अब विशेष अदालत में विचाराधीन है।

Share This Article