21 वर्षीय महिमा साहू पदयात्रा पर निकली थी तेज रफ्तार थार वाहन ने उसकी जान ले ली
भिलाई। भिलाई की रहने वाली 21 वर्षीय महिमा साहू की मन्नत तो पूरी हुई, लेकिन मौत ने दस्तक दे दी। सरकारी नौकरी लगने के बाद वह मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पदयात्रा पर निकली थी, लेकिन रास्ते में एक तेज रफ्तार थार वाहन ने उसकी जान ले ली।
घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे राजनांदगांव जिले के मनकी-सुंदरा के बीच नेशनल हाईवे पर हुई। महिमा अपने साथियों के साथ पदयात्रा करते हुए डोंगरगढ़ जा रही थी, तभी एक थार वाहन (CG 04 QC 8007) ने उसे सामने से टक्कर मार दी। वाहन ने पदयात्रियों के लिए आरक्षित लेन में घुसकर यह दुर्घटना की। घायल महिमा को तत्काल भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
महिमा हाल ही में डाक विभाग में नौकरी पाने में सफल हुई थी और उसकी पोस्टिंग कोंडागांव में हुई थी। वह घर की बड़ी संतान थी और अपने भाई-बहनों की जिम्मेदारी उठाने की इच्छा रखती थी। स्कूल में वह टॉपर रही थी। उसके पिता चंद्रहास साहू पेशे से ड्राइवर हैं और परिवार घासीदास नगर हाउसिंग बोर्ड में रहता है।
दुर्घटना के बाद थार चालक फरार हो गया था, लेकिन सोमनी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि आरोपी भी डोंगरगढ़ दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गाड़ी में और कौन लोग सवार थे।
वन वे हाईवे के बावजूद वाहन चालक की लापरवाही ने नवरात्र पदयात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के बावजूद इस तरह की घटना श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर गंभीर चिंता का विषय है।