आरोपी कुंवर सिंह ठाकुर उर्फ सन्नी (41 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया
भिलाई। थाना नंदिनी नगर क्षेत्र में वर्ष 2014 में हुई हत्या के मामले में 11 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी कुंवर सिंह ठाकुर उर्फ सन्नी (41 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सायबर तकनीकी और सूचना संकलन के माध्यम से एसीसीयू और नंदिनी नगर थाना की संयुक्त टीम ने उसे कुरुद (जामुल थाना क्षेत्र) स्थित एक ढाचा भवन से धर दबोचा।
पुलिस ने बताया कि 17 मार्च 2014 को नंदिनी टाउनशिप, वार्ड क्रमांक 13 में होली पर्व के दौरान पानी पाउच मांगने को लेकर विवाद में राकेश दास नामक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना में पहले ही 6 आरोपी जसपाल सिंह, रतन दत्ता, दीपक थर, मंजीत सिंह, रितेश पासवान व दीपक उर्फ मोनू शुक्ला गिरफ्तार हो चुके हैं।
जबकि आरोपी कुंवर सिंह उर्फ सन्नी घटना के बाद से फरार चल रहा था और लगातार ठिकाने बदल-बदल कर गिरफ्तारी से बचता रहा। पुलिस ने बताया कि आधुनिक सायबर तकनीक व मुखबिर तंत्र के सहयोग से कुंवर सिंह की लोकेशन कुरुद क्षेत्र में ट्रेस की गई, जहां 18 सितंबर को सुबह 12 बजे दबिश देकर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 47/2014, धारा 294, 506, 323, 307, 302, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


