अच्छी बारिश से गंगरेल बांध लगभग लबालब, दो गेट खोले गए

Editor
By Editor 2 Min Read

झमाझम बारिश के चलते गंगरेल बांध में संतोषजनक जलभराव हो गया है

रायपुर। भादो माह की झमाझम बारिश के चलते जिले के प्रमुख गंगरेल बांध में संतोषजनक जलभराव हो गया है। वर्तमान में बांध में 29.674 टीएमसी पानी भरा है, जबकि इसकी पूरी क्षमता 31.0 टीएमसी है। लबालब होने से पहले ही जल संसाधन विभाग ने 24 अगस्त की शाम दो गेट खोल दिए हैं, जिनसे 5320 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
खुले गए गेट क्रमांक- 4 और 5 से पानी रुद्री बैराज की ओर प्रवाहित किया जा रहा है। वहीं, कैचमेंट एरिया से रात 8:45 बजे तक 5953 क्यूसेक पानी की आवक बनी हुई थी। इससे पहले 11 और 12 नंबर गेट से सीमित मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा था, जिन्हें अब बंद कर दिया गया है।


गेट खुलते ही गंगरेल बांध को देखने बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचने लगे हैं। लोग अब सभी 14 गेट खुलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। गंगरेल का डाउनस्ट्रीम जल कई जिलों और ओडिशा राज्य तक पहुंचता है। इसे ध्यान में रखते हुए संबंधित जिलों के कलेक्टरों को पूर्व सूचना दी गई है, ताकि सतर्कता बरती जा सके। बांध से पानी छोड़े जाने को लेकर किसानों ने भी राहत जताई है, क्योंकि इससे सिंचाई की बेहतर संभावनाएं बनी हैं।

Share This Article