भिलाई 3, जी.ई. रोड स्थित पदुम नगर क्षेत्र में वर्षों से संचालित गंगा जी टावर कॉम्प्लेक्स पर आखिरकार ट्रैफिक पुलिस द्वारा बड़ी कार्यवाही की गई है। इस कॉम्प्लेक्स में जिम सेंटर, पैथोलॉजी लैब, ट्यूशन सेंटर, डोमिनोज पिज्जा सेंटर सहित कई दुकानों का संचालन हो रहा है, लेकिन कॉम्प्लेक्स संचालक द्वारा वाहन पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
कॉम्प्लेक्स में प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की आवाजाही होती है। वहां आने वाले लोग अपनी गाड़ियाँ मुख्य मार्ग पर ही खड़ी कर देते हैं, जिससे पदुम नगर क्षेत्र की सड़क पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय रहवासियों को रोजाना इस समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
क्षेत्र की जनता द्वारा लगातार की जा रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पदुम नगर के पार्षद मनीष वर्मा ने इस संबंध में त्वरित कदम उठाया। उन्होंने ट्रैफिक डीएसपी सतानंद को आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया। डीएसपी के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस के एस.आई. राठौर द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए सड़क पर खड़े सभी वाहनों को हटाया गया।
इसके साथ ही कॉम्प्लेक्स के मालिक को फोन के माध्यम से सूचित किया गया एवं उन्हें एक लिखित नोटिस भी जारी किया गया है। नोटिस में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वे जल्द से जल्द वैध पार्किंग की व्यवस्था करें। यदि ऐसा नहीं किया गया और आगे भी वाहन मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से पार्क किए गए, तो पुलिस द्वारा चालानी कार्यवाही की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र की जनता को यातायात संबंधी कोई भी असुविधा न हो, इसके लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि कॉम्प्लेक्स संचालक द्वारा नियमों की अवहेलना जारी रही और पार्किंग स्थल का निर्माण नहीं किया गया, तो आवश्यक कानूनी कार्यवाही करते हुए कॉम्प्लेक्स को सील भी किया जा सकता है।
ट्रैफिक विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक सड़कों का उपयोग वाहन पार्किंग के लिए नहीं किया जा सकता। सड़कें जनता की आवाजाही के लिए बनाई गई हैं, न कि निजी संस्थानों के पार्किंग स्थल के रूप में।


