भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने 20 महीने पुराने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए तीन नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। ये तीनों विधायक पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं और अब मंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
राजधानी स्थित राजभवन में आयोजित एक सादे मगर गरिमामय समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत और राजेश अग्रवाल को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इस विस्तार के साथ ही साय मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, सभी वरिष्ठ मंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह, अन्य विधायक, निगम-मंडल अध्यक्ष, और शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने पूरे शपथ ग्रहण कार्यक्रम का संचालन किया, जो लगभग आधे घंटे तक चला।
शपथ लेने के बाद तीनों नव नियुक्त मंत्रियों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वे मुख्यमंत्री और पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्हें जो भी विभाग सौंपा जाएगा, उसमें पारदर्शिता और जनसेवा को प्राथमिकता देंगे।
इस मंत्रिमंडल विस्तार को आगामी राजनीतिक रणनीतियों और प्रशासनिक संतुलन के लिहाज़ से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को साधने की कोशिश भी दिखाई दे रही है।
