भिलाई। सांसद विजय बघेल ने जिले के विभिन्न स्कूलों में अपने प्रतिनिधियों की नियुक्ति कर एक अहम कदम उठाया है। इस पहल का उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों में सांसद प्रतिनिधियों के माध्यम से योजनाओं की निगरानी, समस्याओं की जानकारी और छात्रों की आवश्यकताओं तक सीधे संपर्क बनाना है।
इस सिलसिले में सांसद कार्यालय द्वारा एक सूची भी जारी की गई है, जिसमें प्रत्येक स्कूल के लिए नियुक्त प्रतिनिधि का नाम एवं संपर्क विवरण शामिल है। ये प्रतिनिधि अब संबंधित स्कूलों में सांसद की ओर से संवाद और समन्वय की भूमिका निभाएंगे।

प्रतिनिधियों की नियुक्ति से न केवल स्कूलों की समस्याओं को सांसद तक सीधे पहुंचाने में मदद मिलेगी, बल्कि शैक्षणिक गुणवत्ता, संसाधनों की उपलब्धता और विकास कार्यों की निगरानी भी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि यह कदम शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रयास है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि किसी स्कूल या शिक्षक को किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी, तो नियुक्त प्रतिनिधि के माध्यम से उसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों और शिक्षकों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे एक सकारात्मक पहल बताया है।


