रायपुर आवास पर तिरंगा फहराकर आज़ादी के अमृत महोत्सव में निभाई भागीदारी
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए हर घर तिरंगा (#HarGharTiranga) अभियान के तहत उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने रायपुर स्थित निवास पर तिरंगा फहराकर आज़ादी के अमृत महोत्सव में भागीदारी की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति की भावना को और प्रबल करें।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, “तिरंगा केवल ध्वज नहीं, बल्कि यह देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह हमें एकता, साहस और बलिदान की प्रेरणा देता है।” उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि तिरंगा फहराने को केवल एक औपचारिकता न मानें, बल्कि इसे स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का माध्यम बनाएं।
इसके साथ ही उन्होंने लोगों से यह भी अनुरोध किया कि वे अपने तिरंगे के साथ फोटो लेकर #HarGharTiranga अभियान का हिस्सा बनें और इन्हें harghartiranga.com पर साझा करें, ताकि यह संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और देशप्रेम की भावना जन-जन में जागृत हो।


