नाइजीरियन और दक्षिण अफ्रीकी मूल के तीन अंतरराष्ट्रीय सायबर अपराधियों को राजनांदगांव पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है
भिलाई: विदेश से महंगे गिफ्ट और पाउंड पार्सल भेजने का झांसा देकर भारतीय महिलाओं से ठगी करने वाले नाइजीरियन और दक्षिण अफ्रीकी मूल के तीन अंतरराष्ट्रीय सायबर अपराधियों को राजनांदगांव पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई साइबर सेल राजनांदगांव और पुलिस चौकी चिचोला की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस के मुताबिक मामला 5 मई 2025 का है, जब एक युवती ने शिकायत की कि उसे दो फेक प्रोफाइल के माध्यम से संपर्क किया गया। आरोपियों ने खुद को विदेशी नागरिक बताते हुए उससे दोस्ती की और विदेश से महंगे गिफ्ट व पाउंड पार्सल भेजने का झांसा दिया। बाद में, उन्होंने कहा कि पार्सल दिल्ली एयरपोर्ट के कस्टम ऑफिस में फंसा हुआ है, जिसे छुड़वाने के लिए पैसे की जरूरत है। इसी बहाने उन्होंने युवती से ₹1,23,700/- की ऑनलाइन ठगी की।
राजनांदगांव पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन दिल्ली के उत्तम नगर और जनकपुरी क्षेत्र में ट्रेस की। 5 अगस्त 2025 को दिल्ली के डाबरी थाना क्षेत्र से तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। इसमें स्टीफन उर्फ लक्की डेडन जो (दक्षिण अफ्रीका/आइवरी कोस्ट मूल), किंग्सले पिता जोसेफ (नाइजीरिया), जॉर्ज चुक्चुमेका पिता चुक्चुमेका (नाइजीरिया) हैं। आरोपियों ने पूछताछ में जुर्म स्वीकार किया है। गिरफ्तारियों के बाद दिल्ली के द्वारका कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड लेकर उन्हें राजनांदगांव लाया गया।
आरोपियों के कब्जे से कुल 25 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 5 एटीएम कार्ड, 32 सिम कार्ड, और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। इनका उपयोग फर्जी प्रोफाइल बनाकर भारतीय महिलाओं को झांसे में लेने, उनसे पैसे ऐंठने और अपराध को अंजाम देने में किया जाता था।
कैसे करते थे सायबर ठगी?
आरोपी सोशल मीडिया, विशेषकर मैट्रिमोनियल साइट्स पर फर्जी विदेशी प्रोफाइल बनाकर महिलाओं से संपर्क करते थे। फिर गिफ्ट और विदेशी मुद्रा भेजने की बात कर विश्वास जमाते थे। जब महिलाएं भरोसा कर लेती थीं, तो पार्सल कस्टम में फंसा है कहकर पैसे की मांग करते थे। कई बार यह प्रक्रिया बार-बार दोहराकर मोटी रकम वसूलते थे। गिरफ्तार आरोपियों की सूचना संबंधित देशों नाइजीरिया और दक्षिण अफ्रीका के दिल्ली स्थित दूतावासों को भेज दी गई है। इससे आगे की अंतरराष्ट्रीय कानूनी कार्रवाई में मदद मिलेगी।
इस कार्रवाई से राजनांदगांव पुलिस ने न सिर्फ एक बड़ी सायबर ठगी का पर्दाफाश किया है, बल्कि भविष्य में होने वाली ठगी की संभावनाओं पर भी रोक लगाने में सफलता पाई है। यह कार्रवाई साइबर अपराधों के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। कार्रवाई में विनय पम्मार (निरीक्षक, साइबर सेल), कृष्णा पटेल (प्रभारी, पुलिस चौकी चिचोला) सहित उनकी टीम की अहम भूमिका रही।