भिलाई। नगर निगम भिलाई चरौदा के वार्ड क्रमांक 21 स्थित चरोदा बस्ती के प्राचीन कुएं से पवित्र जल लेकर देवबलोदा स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। इस विशाल कांवड़ यात्रा का भव्य आयोजन तीन अगस्त को किया जा रहा है। हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से परिपूर्ण इस कांवड़ यात्रा में हजारों की संख्या में शिवभक्त शामिल होंगे।
इस धार्मिक आयोजन में विशेष रूप से प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल शामिल होंगे। यात्रा का नेतृत्व नगर निगम भिलाई चरौदा के महापौर निर्मल कोसरे एवं सभापति कृष्णा चंद्राकर द्वारा किया जाएगा। यात्रा की तैयारियां पूरे जोर-शोर से जारी हैं और जनप्रतिनिधि स्वयं कांवड़ निर्माण में जुटे हुए हैं।
इस भव्य यात्रा में नगर निगम क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों से लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। यात्रा की प्रमुख विशेषता भगवान शंकर की विशाल झांकियां होंगी, जो भक्तों के लिए आस्था और आकर्षण का केंद्र होंगी।
प्राचीन कुंए से जल भरकर नंगे पांव भक्तों द्वारा लगभग 10 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए भगवान भोलेनाथ के चरणों में जल चढ़ाया जाएगा। यह यात्रा धार्मिक आस्था, समर्पण और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुकी है।
इस आयोजन को सफल बनाने में मनोज मढ़रिया, मोहन साहू, पप्पू चंद्राकर, ईश्वर साहू, एम. जॉनी, युवराज कश्यप, टेनेन्द्र ठाकरे, अशफाक अहमद, टिपेश साहू, मोहम्मद जुनैद, डॉली वर्मा, रीना वर्मा, लक्ष्मी बंछोर, मंजू साहू, गायत्री साहू, सेवक वर्मा, पंकज देवांगन, हेमंत वर्मा, अभिषेक वर्मा, वेंकटरमण, कुमुद मढ़रिया, मनीष वर्मा, डे साहब वर्मा, विनोद निषाद सहित अनेक श्रद्धालु और कार्यकर्ता तैयारी में जुटे हुए हैं।
यह कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक चेतना का जीवंत उदाहरण है, जो भिलाई चरौदा क्षेत्र की पहचान बन चुकी है।
तीन अगस्त को चरोदा से देवबलोदा तक निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रहेंगे शामिल
