भिलाई। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन सोमवार के पावन अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रेम प्रकाश पांडे ने देवबलोदा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। पूजा-अर्चना के इस विशेष अवसर पर भिलाई-तीन मंडल एवं चरोदा मंडल के भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जलाभिषेक के उपरांत कार्यकर्ताओं ने प्रेम प्रकाश पांडे का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान भिलाई और चरोदा के नवगठित भाजपा पदाधिकारियों ने पांडे से मुलाकात कर अपना परिचय दिया। उन्होंने सभी नए पदाधिकारियों को उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए संगठन में सक्रियता और सेवा भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी।

प्रेम प्रकाश पांडे ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ लंबे समय तक बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की और उनकी भूमिका पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और जनहित में लगातार सक्रिय रहने का संकल्प भी दोहराया। कार्यक्रम में पारंपरिक श्रद्धा और राजनीतिक संवाद का अद्भुत संगम देखने को मिला।
