भिलाई। छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और ‘छत्तीसगढ़ राज्य के स्वप्नदृष्टा’ कहे जाने वाले डॉ. खूबचंद बघेल की 125वीं जयंती का गरिमामय आयोजन डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय महाविद्यालय, भिलाई-3 में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक माननीय डोमन लाल कोर्सेवाडा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. खूबचंद बघेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं तिलक कर उनकी स्मृति को नमन करते हुए हुई। जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष शांशिकांत बघेल एवं समिति के अन्य सदस्य, प्राचार्य, शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं इस अवसर पर उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अश्विनी महाजन ने डॉ. बघेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, डॉ. खूबचंद बघेल ने छत्तीसगढ़ के सामाजिक सुधार और विकास के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और हमें उनके बताए मार्ग पर चलने की आवश्यकता है।

मुख्य अतिथि विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा ने अपने उद्बोधन में कहा छत्तीसगढ़ की भूमि मां कौशल्या की पावन धरती है, जिसने डॉ. सुंदरलाल शर्मा और डॉ. खूबचंद बघेल जैसे महान विभूतियों को जन्म दिया। इन महापुरुषों के आदर्श आज भी हमें प्रेरणा देते हैं और समाज सेवा की दिशा में मार्गदर्शन करते हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत परिसर में वृक्षारोपण का आयोजन भी किया गया, जिसमें विधायक महोदय, जनभागीदारी अध्यक्ष, प्राचार्य, प्राध्यापक, कर्मचारीगण एवं एन.सी.सी. कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस आयोजन के माध्यम से न केवल डॉ. खूबचंद बघेल के विचारों और योगदान को याद किया गया, बल्कि युवाओं को सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं क्षेत्रीय विकास के लिए प्रेरित भी किया।