सरकारी नौकरी का झांसा देकर 5.90 लाख की ठगी, छतरपुर से आरोपी गिरफ्तार

Editor
By Editor 2 Min Read

नगर निगम रायपुर और मंत्रालय में नौकरी दिलाने का दिया था भरोसा, सुपेला पुलिस ने फरार आरोपी को मध्यप्रदेश से पकड़ा

भिलाई, शासकीय नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5 लाख 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने मध्यप्रदेश के छतरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने प्रार्थी तापस मंडल को नगर निगम रायपुर और मंत्रालय में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से रकम ली थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अंकित कुमार रैकवार (24 वर्ष), निवासी शिवम विहार, रायपुर ने 21 मई से 24 अगस्त 2025 के बीच प्रार्थी से कुल 5.90 लाख रुपये प्राप्त किए थे। नौकरी नहीं मिलने पर प्रार्थी ने न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेश पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1202/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान आरोपी को कई बार उपस्थित होने के निर्देश दिए गए, लेकिन वह पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुआ। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने 23 नवंबर को उसे छतरपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने रकम प्राप्त करना और खर्च करना स्वीकार किया। उसने प्रार्थी को 10 हजार रुपये लौटाने की बात भी बताई। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी एसएन सिंह, उप निरीक्षक लेखन साहू एवं आरक्षक रमेश पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Link : https://shricgnewscreator.com/rs-5-90-lakh-swindled-under-the-pretext-of-providing-a-government-job-accused-arrested-from-chhatarpur/

Share This Article