संत कबीर पब्लिक स्कूल जी केबिन चरोदा में एक दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, शिक्षिकाओं ने सीखे बच्चों को सरल तरीके से पढ़ाने के गुर
भिलाई, संत कबीर पब्लिक स्कूल, जी केबिन चरोदा में रविवार 22 नवंबर 2026 को एक दिवसीय बुनियादी शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को छोटे बच्चों की समझ और सीखने की क्षमता के अनुरूप सरल, रोचक एवं प्रभावी तरीके से शिक्षण कार्य करने के लिए प्रशिक्षित करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य प्रशिक्षक के रूप में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टाटेंगा, जिला बालोद के व्याख्याता श्री अजय पाठक एवं हेप शीबा एंथोनी उपस्थित रहे। दोनों प्रशिक्षकों ने शिक्षिकाओं को बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि छोटे बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान देने के बजाय खेल, गतिविधियों और रोचक माध्यमों से पढ़ाना अधिक प्रभावी होता है। प्रशिक्षकों ने गोटी एवं विभिन्न खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से समझाया कि बच्चों को उनकी उम्र और सीखने की क्षमता के अनुसार किस तरह विषयों को सरल भाषा में समझाया जा सकता है। उन्होंने शिक्षण को आनंददायक बनाने तथा बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के व्यावहारिक तरीके भी बताए।
इस दौरान शिक्षिकाओं ने प्रशिक्षण गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और बच्चों को बेहतर ढंग से पढ़ाने के नए तरीके सीखे। कार्यक्रम में स्कूल की प्रिंसिपल मोनाली पाल, किरण यादव, सुषमा तांडी, लिखिता नायक, दीपा तोमर, पिंकी महतो, निशा देवांगन सहित सहायक अध्यापिकाएं एवं स्कूल की आया संतोषी नेताम उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन दयादास साहू ने किया। अंत में प्रिंसिपल मोनाली पाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए मुख्य प्रशिक्षकों एवं उपस्थित सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से शिक्षकों के शिक्षण कौशल में निखार आता है और बच्चों को बेहतर एवं प्रभावी शिक्षा प्रदान करने में मदद मिलती है।
Link : https://shricgnewscreator.com/provided-training-on-imparting-basic-education-to-children-through-games-and-activities/








