उपार्जन केंद्रों, बैंकों और सहकारी समितियों में लगाए जा रहे जागरूकता पोस्टर, किसानों को ठगी से बचने के बताए जा रहे उपाय
दुर्ग, धान खरीदी सीजन में किसानों के बैंक खातों में समर्थन मूल्य की राशि का बड़ी मात्रा में अंतरण होता है। इसी का फायदा उठाकर साइबर ठग किसानों को निशाना बना सकते हैं। इसे देखते हुए दुर्ग पुलिस ने किसानों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने के लिए विशेष साइबर जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान के माध्यम से किसानों को साइबर अपराध के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
दुर्ग पुलिस द्वारा इस अभियान के तहत धान उपार्जन एवं संग्रहण केंद्रों के साथ ही बैंकों, पोस्ट ऑफिस, सहकारी बैंकों और सहकारी समितियों में साइबर सुरक्षा से संबंधित जागरूकता पोस्टर लगाए जा रहे हैं। इसके लिए सभी सहकारी संस्थाओं को भी पोस्टर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक किसानों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा सके।
पुलिस की टीमें धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर किसानों से सीधे संवाद कर रही हैं। उन्हें बताया जा रहा है कि साइबर ठग किस तरह बैंक अधिकारी, कर्मचारी या अन्य परिचित व्यक्ति बनकर फोन करते हैं और गोपनीय जानकारी हासिल कर खातों से रकम निकाल लेते हैं। किसानों को अनजान लिंक, फर्जी कॉल और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े धोखाधड़ी के तरीकों के प्रति भी सतर्क किया जा रहा है।
ओटीपी और एटीएम पिन किसी से साझा न करें
दुर्ग पुलिस ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी न बताएं। बैंक संबंधी सहायता के नाम पर आने वाले संदिग्ध फोन कॉल पर भरोसा न करें और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। बैंक अधिकारी बनकर जानकारी मांगने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतें।
ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने किसानों को साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की सलाह दी है। इसके अलावा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। समय रहते शिकायत करने से धोखाधड़ी की रकम को आगे हस्तांतरित होने से रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
दुर्ग पुलिस का उद्देश्य धान खरीदी के दौरान किसानों की मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखना और उन्हें डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करना है। पुलिस ने किसानों से स्वयं सतर्क रहने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की है।
Link : https://shricgnewscreator.com/durg-police-to-protect-farmers-from-cyber-fraudsters-during-the-paddy-procurement-season/








