नगर निगम चुनाव को लेकर दुर्ग पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने ली क्राइम मीटिंग

Editor
By Editor 2 Min Read

संवेदनशील मतदान केंद्रों की होगी निगरानी, लंबित मामलों के निराकरण और अपराधियों पर कार्रवाई के निर्देश

भिलाई, आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर नियंत्रण को लेकर सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-06 भिलाई में एसएसपी विजय अग्रवाल ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की क्राइम मीटिंग ली। बैठक में लंबित अपराधों, विवेचना, साइबर फ्रॉड, महिला संबंधी शिकायतों और पुलिसिंग की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने आगामी नगर निगम चुनाव को देखते हुए संवेदनशील मतदान केंद्रों एवं क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में 60, 90 और 140 दिवस से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने, सभी लंबित वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली और न्यायालयीन मामलों में समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। NCRP पोर्टल पर लंबित साइबर शिकायतों, ऑनलाइन धोखाधड़ी और महिला संबंधी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

एसएसपी ने गृहभेदन, चोरी, जुआ-सट्टा, संगठित अपराध एवं धोखाधड़ी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने तथा अपराध संभावित क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने पर जोर दिया। पटाखा फैक्ट्रियों और लाइसेंसधारी विक्रेताओं का नियमित निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा थाना प्रभारियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, विवेचना की गुणवत्ता और शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।

दुर्ग पुलिस की अपील: पुलिस ने नागरिकों से आगामी नगर निगम चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, जुआ-सट्टा या साइबर धोखाधड़ी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Link : https://shricgnewscreator.com/sensitive-polling-stations-will-be-monitored-instructions-issued-for-the-resolution-of-pending-cases-and-action-against-criminals/

Share This Article