छात्राओं के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण : प्राचार्य प्रतिभा छाया क्लॉडियस

Editor
By Editor 3 Min Read

भिलाई महिला महाविद्यालय में अभिभावक–शिक्षक संघ की बैठक आयोजित, शैक्षणिक प्रगति और व्यक्तित्व विकास पर हुई चर्चा

भिलाई, भिलाई महिला महाविद्यालय, हॉस्पिटल सेक्टर में 30 अक्टूबर को अभिभावक–शिक्षक संघ (पीटीए) की बैठक आयोजित की गई। दोपहर 2 बजे महाविद्यालय के रूसा हॉल में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता प्राचार्य प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने की। उनके मार्गदर्शन में संपन्न बैठक का समन्वयन एवं संचालन डॉ. रूपम अजीत यादव ने किया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति, व्यक्तित्व निर्माण और सर्वांगीण विकास में अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना था। इस दौरान महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों का परिचय अभिभावकों से कराया गया। इससे अभिभावकों को विभागीय शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने के साथ ही शिक्षकों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला।

बैठक में अभिभावकों ने अपनी बेटियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास में वृद्धि तथा महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य अवसरों को लेकर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए महाविद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही छात्राओं के बेहतर विकास के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

नियमित उपस्थिति और अनुशासन पर दिया जोर

बैठक के दौरान छात्राओं की नियमित उपस्थिति, अनुशासन, शैक्षणिक प्रदर्शन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों और शिक्षकों ने इस बात पर जोर दिया कि केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, व्यवहार कुशलता, सामाजिक समझ और अन्य गतिविधियों में सहभागिता भी छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण के लिए आवश्यक है।

प्राचार्य प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने अभिभावकों के विचारों एवं सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर व्यक्तित्व निर्माण के लिए अभिभावकों तथा शिक्षकों की संयुक्त भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। दोनों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग से छात्राओं की क्षमताओं को बेहतर दिशा दी जा सकती है।

उन्होंने अभिभावकों से महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता बनाए रखने की अपेक्षा भी व्यक्त की। बैठक में पीटीए के पदाधिकारी  शुभांगी पदवाल, मोहम्मद उमर एवं  तनुजा मिश्रा का सक्रिय सहयोग रहा। अंत में डॉ. भारती वर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Link : https://shricgnewscreator.com/the-role-of-parents-and-teachers-is-crucial-in-the-holistic-development-of-female-students-principal-pratibha-chhaya-claudius/

Share This Article