डबरापारा में वाहन जांच के दौरान पुलिस की कार्रवाई, गुजरात के दो व्यक्ति पकड़े गए; नकदी के स्रोत और परिवहन के उद्देश्य की जांच जारी
भिलाई, दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक पिकअप वाहन से चार करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। नकदी को वाहन के पिछले हिस्से में बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर रकम के स्रोत, स्वामित्व और परिवहन के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की वित्तीय जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है।
वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर बनाया था गुप्त चेंबर
पुलिस के अनुसार, रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QU 5996 में भारी मात्रा में नकदी ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने डबरापारा, खुर्सीपार के पास वाहन जांच के दौरान रात करीब 11 बजे पिकअप को रोककर तलाशी ली।
जांच के दौरान वाहन के पिछले हिस्से में बदलाव कर उसे पूरी तरह बंद किया गया पाया गया। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की सघन तलाशी ली। इस दौरान अंदर विशेष रूप से बनाया गया गुप्त चेंबर मिला। चेंबर खोलने पर उसमें छिपाकर रखी गई भारतीय मुद्रा बरामद हुई। पुलिस ने नकदी की कुल राशि चार करोड़ रुपये बताई है।
दो व्यक्तियों से पूछताछ जारी
वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम भवेशभाई जीनाभाई डाभी, वाहन चालक, और विष्णुदेव दुबे बताए। पुलिस दोनों से बरामद रकम के स्वामित्व, उसके स्रोत और इतनी बड़ी राशि को वाहन में छिपाकर ले जाने के कारणों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
आयकर विभाग को दी जाएगी सूचना
पुलिस के मुताबिक, मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद नकदी के वित्तीय स्रोत और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के लिए आयकर विभाग को सूचना भेजी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Link : https://shricgnewscreator.com/four-crore-rupees-seized-from-a-pickup-truck-with-a-secret-compartment-in-khursipar/









