भिलाई, वार्ड क्रमांक 06 उमदा बस्ती में सतनामी समाज, भिलाई 3 द्वारा परमपूज्य संत शिरोमणि गुरु घासीदास बाबा के जैतखाम में विगत तीन सप्ताह से प्रत्येक सोमवार को महाआरती एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में समाज के सभी परिवार उत्साहपूर्वक सहभागी बन रहे हैं। विशेष रूप से महिलाएं अपने-अपने घरों से आरती की थाल सजाकर सामूहिक महाआरती में शामिल होकर सामाजिक एकता और श्रद्धा का संदेश दे रही हैं।
इस अवसर पर प्रेम लाल साहू, प्रवक्ता भाजपा जिला भिलाई एवं वरिष्ठ समाजसेवी तथा चरोदा के पूर्व पार्षद डी. वेंकट राव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रेम लाल साहू ने कहा कि गुरु घासीदास बाबा का संदेश केवल किसी एक समाज के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए मार्गदर्शक है। बाबा ने सत्य, अहिंसा, समानता, भाईचारे और नशामुक्त समाज का संदेश देकर समाज को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा, “जैतखाम केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सत्य और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। जब समाज के परिवार एक साथ बैठते हैं, महिलाएं आरती की थाल लेकर आती हैं और युवा अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, तो यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं रहता, बल्कि समाज को जोड़ने वाला एक मजबूत माध्यम बन जाता है।”

साहू ने युवा साथियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि अनिल खुटेल (मंडल महामंत्री, भाजपा अजा मोर्चा भिलाई–3), गजेंद्र चंदेल, मनोज भारती, सुनीता टंडन, विमला कोसरिया, रेणुका कोसरिया, कमता बंजारे, संदीप बंजारे, विनोद खुटेल, छबि, सचिन कोसरिया, कृष्णा मनहर एवं अन्य युवा एवं महिला द्वारा शुरू की गई यह परंपरा आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि समाज की परंपराओं को जीवंत रखने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है और उमदा बस्ती के युवाओं ने इस दिशा में सराहनीय पहल की है।
उन्होंने समाजजनों से आह्वान किया कि गुरु घासीदास बाबा के “मनखे-मनखे एक समान” के संदेश को अपने जीवन में उतारें तथा समाज में शिक्षा, संस्कार, नशामुक्ति, महिला सम्मान और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करें।
कार्यक्रम में समाज के परिवारों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। सामूहिक महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। आयोजन को लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
“सत्य की राह पर चलें, समाज को जोड़ें और गुरु घासीदास बाबा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं यही इस महाआरती की सार्थकता है।”
Link : https://shricgnewscreator.com/a-unique-initiative-by-the-satnami-community-in-umda-basti-the-maha-aarti-of-guru-ghasidas-baba-has-been-taking-place-every-monday-for-the-past-three-weeks/













