सत्संग और प्रवचन में कबीर के दोहों के माध्यम से सदमार्ग पर चलने का दिया संदेश, अंतिम दिन हुआ बाल संस्कार शिविर
भिलाई, 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित पांच दिवसीय ध्यान-साधना शिविर का रविवार को विधिवत समापन हुआ। श्री कबीर पारख निकेतन, कहलगांव, जिला भागलपुर (बिहार) के संस्थापक संत अभय साहेब के संरक्षण, मार्गदर्शन और निर्देशन में आयोजित शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पांच दिनों तक चले सत्संग और प्रवचन के दौरान संत अभय साहेब ने सद्गुरु कबीर के दोहों के माध्यम से जीवन को सदमार्ग पर ले जाने और परमार्थ के कार्यों से जोड़ने का संदेश दिया।
संत अभय साहेब ने कहा कि मनुष्य को सांसारिक जीवन में रहते हुए परिवार और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। परिवार के साथ रहते हुए समाज के लिए किस प्रकार सहयोग किया जा सकता है, इस पर भी उन्होंने विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि जीवन में भटकाव से बचने के लिए मनुष्य को सद्गुरु की शरण में जाना चाहिए। सद्गुरु न केवल जीवन जीने की सही राह दिखाते हैं, बल्कि सांसारिक बंधनों से मुक्ति का मार्ग भी बताते हैं।

विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु
शिविर में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंचे। साधकों ने पांच दिनों तक ध्यान, सत्संग और प्रवचन में भाग लेकर आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त की। शिविर में शामिल लोगों ने संत अभय साहेब के विचारों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
अंतिम दिन हुआ बाल संस्कार शिविर
कार्यक्रम के अंतिम दिवस बाल संस्कार शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने सहभागिता की। बच्चों को संस्कार, सदाचार और जीवन मूल्यों से जुड़ी बातें बताई गईं। आयोजन के माध्यम से बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने और उन्हें समाज व परिवार के प्रति जिम्मेदार बनाने पर जोर दिया गया।
आयोजन में इनका रहा योगदान
शिविर के सफल आयोजन में प्रमुख ट्रस्टी डॉ. हीरालाल साहू, प्रबंध समिति अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार साहू, ट्रस्ट अध्यक्ष आत्माराम साहू, महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका प्रेमलता साहू और युवा प्रकोष्ठ के संयोजक वेदप्रकाश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा प्रेमा दास, फकीर राम, विनोद साहू, भरत लाल साहू, केपी साहू, रामाधार साहू, गौकरण लाल साहू, एमके साहू, परमानंद वर्मा, उर्मिला साहू, लक्ष्मी साहू और शीला साहू सहित अन्य लोगों ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष सहयोग किया।
यह जानकारी आश्रम के मीडिया प्रभारी डॉ. दीनदयाल साहू ने दी।
Link : https://shricgnewscreator.com/five-day-meditation-retreat-concludes-saint-abhay-saheb-highlights-the-significance-of-seeking-refuge-in-the-true-master-sadguru/













