भिलाई-चरोदा के 40 वार्डों पर कांग्रेस की नजर, चुनावी रणनीति बनाने 4 अक्टूबर को जुटेंगे दिग्गज

Editor
By Editor 2 Min Read

वर्तमान में कांग्रेस का महापौर, भाजपा ने भी बढ़ाई सक्रियता

भिलाई, आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भिलाई-चरोदा नगर निगम में राजनीतिक सरगर्मी तेज होने लगी है। 40 वार्डों वाले इस निगम में वर्तमान में कांग्रेस के निर्मल कोसरे महापौर हैं। चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखने के लिए कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में ब्लाक कांग्रेस कमेटी की आवश्यक बैठक चार अक्टूबर को शाम पांच बजे स्वास्तिक पैलेस, उमदा में होगी।

भिलाई-चरोदा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का गृह नगर भी है। ऐसे में यह निगम कांग्रेस के लिए राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दूसरी ओर, भाजपा भी इस सीट पर कब्जा जमाने के लिए अपनी सक्रियता बढ़ा रही है। ऐसे में आगामी चुनाव में दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है।

ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा के अनुसार, बैठक में एआईसीसी के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, प्रभारी विकास उपाध्याय, सह-प्रभारी राजेंद्र साहू, दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, महापौर निर्मल कोसरे, सभापति कृष्णा चंद्राकर और प्रदेश संयुक्त महामंत्री सुजीत बघेल शामिल होंगे।
बैठक में पार्षदों, छाया पार्षदों, पूर्व एल्डरमैन, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, इंटक, कांग्रेस सेवादल, मंडल अध्यक्षों, सेक्टर प्रभारियों और बूथ अध्यक्षों के साथ वार्डवार चुनावी तैयारियों तथा संगठन की मजबूती पर चर्चा की जाएगी।

Link : https://shricgnewscreator.com/congress-eyes-40-wards-of-bhilai-charoda-stalwarts-to-gather-on-october-4-to-formulate-election-strategy/

Share This Article