भिलाई, डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय महाविद्यालय, भिलाई-3 में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, पोस्टर, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ तथा ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर अपनी कल्पनाओं और विचारों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। वहीं 24 सितंबर को ‘राष्ट्रमंडल/भारत मंडल’ विषय पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
निबंध प्रतियोगिता में श्रेया पांडे ने प्रथम, भूमि साहू एवं कुमकुम पटेल ने द्वितीय तथा तृप्ति वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में तृप्ति वर्मा ने प्रथम, भूमि साहू एवं भूमिका साहू ने द्वितीय तथा निधि देशलहरे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार रंगोली प्रतियोगिता में विधि वर्मा ने प्रथम, पद्मिनी साहू ने द्वितीय तथा भूमि साहू ने तृतीय स्थान हासिल किया।
एनएसएस स्थापना दिवस पर विशेष आयोजन
24 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्थापना दिवस के अवसर पर महाविद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. शीला विजय, डॉ. मनीष कालरा एवं डॉ. शैलेंद्र ठाकुर ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के सेवाभाव से प्रेरणा लेते हुए देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी डॉ. दिनेश देवांगन एवं रेणु वर्मा ने किया। आयोजन में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर के स्वयंसेवकों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Link : https://shricgnewscreator.com/organization-of-various-programs-on-the-occasion-of-the-seva-sankalp-abhiyan-and-nss-foundation-day/













