नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट बेचते छह आरोपी और अपचारी बालक पकड़े

Editor
By Editor 4 Min Read

सुपेला पुलिस की कार्रवाई, 1200 टैबलेट, आठ मोबाइल, 1400 रुपये और दो एयर गन बरामद

भिलाई, नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुपेला पुलिस ने अटल आवास स्थित आशाराम बापू आश्रम मैदान के पास घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक अपचारी बालक को भी संरक्षण में लिया है। आरोपियों के कब्जे से 0.5 एमजी की 1200 अल्प्राजोलम टैबलेट, आठ मोबाइल फोन, बिक्री की रकम 1400 रुपये और दो एयर गन बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को थाना सुपेला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अटल आवास, आशाराम बापू आश्रम मैदान के पास कुछ लोग नशीली एवं प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट की बिक्री कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा।

तलाशी में मिलीं 1200 टैबलेट

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों और एक अपचारी बालक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से अल्प्राजोलम 0.5 एमजी की 1200 नग टैबलेट मिलीं। पुलिस ने इनकी कीमत करीब 3600 रुपये बताई है। इसके अलावा आठ मोबाइल फोन, 1400 रुपये नकद और दो एयर गन भी बरामद की गईं। मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये और एयर गन की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

अवैध बिक्री से कमाई का आरोप

प्रारंभिक पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बताया कि आरोपी नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट की अवैध बिक्री कर आर्थिक लाभ अर्जित करने की गतिविधि में संलिप्त थे। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 1413/2026 दर्ज कर धारा 8(सी) सहपठित धारा 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

बरामद एयर गन के संबंध में उनके तकनीकी विनिर्देशों और लागू वैधानिक प्रावधानों के आधार पर पृथक कार्रवाई की जाएगी।

ये छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में साहिल शेख (24), निवासी कृष्णा नगर, सुपेला; योगेश कुमार साहू (18), निवासी श्याम नगर, भिलाई-3; अम्रन साहू (21), निवासी इंदिरा पारा, भिलाई-3; मयंक यादव (20), निवासी विश्व बैंक कॉलोनी, भिलाई-3; जानी यादव (22), निवासी कांति चौक, उमदा, भिलाई-3 और समीर ठाकुर (21), निवासी कृष्णा नगर, सुपेला शामिल हैं। एक अपचारी बालक को भी संरक्षण में लिया गया है। उसकी पहचान संबंधी जानकारी कानून के प्रावधानों के तहत सार्वजनिक नहीं की गई है।

न्यायालय में पेश किया

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी एसएन सिंह, सहायक उप निरीक्षक राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक अमर सिंह तथा आरक्षक खेमलाल और मनोज सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने नागरिकों से की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाओं या अन्य प्रतिबंधित पदार्थों की अवैध बिक्री और वितरण की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ऐसे मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Link : https://shricgnewscreator.com/six-accused-and-a-juvenile-apprehended-for-selling-alprazolam-tablets/

Share This Article