सूर्या टीआई मॉल के द्वितीय तल स्थित स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायत पर पहुंची संयुक्त टीम, जांच में अपराध का ठोस साक्ष्य नहीं मिला
भिलाई, अवैध गतिविधियों की शिकायत पर दुर्ग पुलिस ने 12 सितंबर को सूर्या टीआई मॉल के द्वितीय तल स्थित एक स्पा सेंटर में औचक दबिश दी। थाना सुपेला और चौकी स्मृति नगर की संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर परिसर की जांच की और वहां मौजूद युवतियों व अन्य व्यक्तियों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में किसी अनैतिक कार्य अथवा अन्य अपराध से संबंधित ठोस साक्ष्य नहीं मिला। हालांकि, भविष्य में संदिग्ध गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मौके पर मिली सात युवतियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और उन्हें सख्त हिदायत देकर मुचलका पाबंद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों के संचालन की शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। भिलाई नगर सीएसपी, डीएसपी (IUCAW), थाना प्रभारी सुपेला और चौकी प्रभारी स्मृति नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्पा सेंटर में औचक जांच की।
बिजली-पानी बंद, फिर भी मौजूद मिले लोग
जांच के दौरान पुलिस को परिसर में बिजली और पानी की सप्लाई बंद मिली। इसके बावजूद वहां करीब सात युवतियों के साथ अन्य व्यक्तियों की मौजूदगी पाई गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर प्राथमिक जांच की। जांच के दौरान फिलहाल किसी अनैतिक गतिविधि या अन्य अपराध का ठोस साक्ष्य सामने नहीं आया।
गिरफ्तारी नहीं, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। मौके पर उपस्थित व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक जांच के बाद सात युवतियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के सुसंगत प्रावधानों के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। उन्हें भविष्य में किसी भी संदिग्ध गतिविधि में शामिल नहीं होने की सख्त हिदायत दी गई तथा मुचलका पाबंद किया गया।
लगातार की जा रही संवेदनशील स्थानों की निगरानी
दुर्ग पुलिस के अनुसार, जिले में स्पा सेंटरों, दुकानों और अन्य संवेदनशील स्थानों की नियमित चेकिंग एवं निगरानी की जा रही है। किसी स्थान से संदिग्ध या अवैध गतिविधि की शिकायत मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। पुलिस ने कहा है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने संचालकों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने स्पा सेंटर, दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की अवैध अथवा असामाजिक गतिविधि संचालित न होने दें। नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Link : https://shricgnewscreator.com/police-conduct-surprise-raid-on-spa-center-preventive-action-taken-against-7-young-women/













