पॉक्सो मामले में मृत्युदंड दिलाने वाली विवेचना टीम सम्मानित

Editor
By Editor 3 Min Read

DNA, FSL और चिकित्सकीय साक्ष्यों के समन्वय से मजबूत हुआ अभियोजन पक्ष, एसएसपी विजय अग्रवाल ने अधिकारियों-कर्मचारियों को किया सम्मानित

दुर्ग, गंभीर पॉक्सो एवं हत्या के प्रकरण में वैज्ञानिक और साक्ष्य आधारित विवेचना कर आरोपी को मृत्युदंड की सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली दुर्ग पुलिस की विवेचना टीम को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने प्रकरण की विवेचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

पुलिस के अनुसार, गंभीर अपराध के इस प्रकरण में विवेचना के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्यों को विशेष महत्व दिया गया। DNA, एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी), चिकित्सकीय तथा तकनीकी साक्ष्यों का समन्वित तरीके से संकलन और परीक्षण किया गया। इन साक्ष्यों को विवेचना का हिस्सा बनाकर न्यायालय के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। पुलिस की साक्ष्य आधारित विवेचना और मजबूत अभियोजन के परिणामस्वरूप विशेष न्यायालय (पॉक्सो), दुर्ग ने आरोपी सोमेश यादव को दोषसिद्ध करते हुए मृत्युदंड की सजा सुनाई।

इन अधिकारियों-कर्मचारियों को किया सम्मानित

सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईयूसीएडब्ल्यू पद्मश्री तंवर, मोहन नगर थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रसाद चन्द्रा, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्रद्धा पाठक, छावनी थाना प्रभारी उप निरीक्षक चेतन चन्द्राकर, थाना मोहन नगर के उप निरीक्षक पारस ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र देशमुख तथा सहायक उप निरीक्षक संगीता मिश्रा सहित एसीसीयू दुर्ग के संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

टीमवर्क और वैज्ञानिक विवेचना पर जोर

एसएसपी विजय अग्रवाल ने पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए गंभीर अपराधों की विवेचना में आपसी समन्वय, वैज्ञानिक तकनीकों और उपलब्ध साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में प्रत्येक साक्ष्य का वैज्ञानिक तरीके से संकलन और उसका सही दस्तावेजीकरण न्यायालय में प्रकरण को मजबूती प्रदान करता है।

वीडियो

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा उप पुलिस अधीक्षक हेडक्वार्टर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

दुर्ग पुलिस ने कहा कि गंभीर अपराधों में टीमवर्क, वैज्ञानिक विवेचना और साक्ष्य आधारित पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि गंभीर अपराधों के मामलों में दोषियों को कानून के तहत सजा दिलाने के लिए विवेचना को तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मजबूत बनाया जाए।

Link : https://shricgnewscreator.com/investigation-team-that-secured-the-death-penalty-in-a-pocso-case-felicitated/

Share This Article