तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा भारी, माजदा समेत साउंड सिस्टम जब्त

Editor
By Editor 3 Min Read

सेक्टर-4 पांडे चौक पर भिलाई भट्टी पुलिस की कार्रवाई, बिना अनुमति डीजे संचालन पर कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत प्रकरण

भिलाई, सेक्टर-4 पांडे चौक के पास रात्रि में अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाना संचालक को भारी पड़ गया। सूचना मिलने पर भिलाई भट्टी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए माजदा वाहन सहित डीजे साउंड सिस्टम जब्त कर लिया। डीजे संचालन के संबंध में वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, 1985 की धारा 15 के तहत इस्तगाशा तैयार किया है। प्रकरण को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार छह सितंबर की रात करीब 9:40 बजे सूचना मिली कि सेक्टर-4 पांडे चौक के पास एक माजदा वाहन में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। सूचना पर थाना भिलाई भट्टी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। यहां तनिष चौधरी (24) निवासी न्यू खुर्सीपार, थाना खुर्सीपार, माजदा वाहन क्रमांक सीजी 07 एलएक्स 8552 में छह डीजे साउंड बॉक्स लगाकर तेज आवाज में साउंड सिस्टम संचालित करते मिला।

पुलिस ने डीजे संचालन की अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन संचालक के पास वैध अनुमति नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने मौके से माजदा वाहन, छह डीजे साउंड बॉक्स और एक एम्पलीफायर जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद इस्तगाशा क्रमांक 01/2026 तैयार किया गया।

न्यायालय में पेश होगा प्रकरण

पुलिस ने बताया कि प्रकरण को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इसके साथ ही अनुविभागीय दंडाधिकारी के समक्ष बॉन्ड जब्ती की कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों और आवासीय क्षेत्रों के आसपास निर्धारित ध्वनि सीमा तथा समय-सीमा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों और डीजे-साउंड सिस्टम संचालकों से अपील की है कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग के दौरान निर्धारित समय, ध्वनि सीमा और अनुमति संबंधी नियमों का पालन करें। बिना अनुमति या मानक से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाकर सार्वजनिक शांति और नागरिकों की सुविधा प्रभावित न करें। नियमों का उल्लंघन मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जब्त सामग्री

  • माजदा वाहन क्रमांक सीजी 07 एलएक्स 8552
  • छह डीजे साउंड बॉक्स
  • एक एम्पलीफायर

Link : https://shricgnewscreator.com/playing-dj-music-at-high-volume-proves-costly-sound-system-and-mazda-vehicle-seized/

Share This Article