तीन सवारी बुलेट में तेज रफ्तार से कर रहे थे स्टंटबाजी, थार से थाने पहुंचे पांच युवक भी मिले नशे में
भिलाई, जामुल, देर रात तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट से स्टंटबाजी कर रील बनाना छह युवकों को भारी पड़ गया। जामुल थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुलेट चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा। वहीं घटना के करीब पांच मिनट बाद काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली थार से थाना परिसर पहुंचे पांच अन्य युवक भी शराब के नशे में पाए गए। पुलिस ने सभी के विरुद्ध अलग-अलग धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार 7 सितंबर की रात करीब दो बजे जामुल थाना क्षेत्र में बुलेट क्रमांक सीजी 04 एमवाई 3982 पर तीन युवक सवार होकर तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे। बुलेट में तेज आवाज वाला मॉडिफाइड साइलेंसर लगा था। युवक सड़क पर स्टंटबाजी करते हुए रील बनाने का प्रयास कर रहे थे। तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दुर्घटना की स्थिति भी निर्मित हो रही थी।
जांच में शराब के नशे में मिला चालक
पुलिस स्टाफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बुलेट को रुकवाया और चालक की जांच की। चालक की पहचान पवन तिवारी निवासी हाउसिंग बोर्ड, जामुल के रूप में हुई। जांच के दौरान वह शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। पुलिस ने मामले में थाना जामुल में अपराध क्रमांक 646/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 184 और 185 के तहत कार्रवाई की।
पांच साथी भी नशे में पहुंचे थाने
पुलिस कार्रवाई के करीब पांच मिनट बाद काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली थार में सवार कुछ युवक थाना परिसर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर ही उनका अल्कोहल परीक्षण कराया। जांच में पांचों युवक शराब के नशे में पाए गए। सार्वजनिक स्थान यानी थाना परिसर में शराब सेवन कर नशे की हालत में पाए जाने और लोक शांति भंग करने के मामले में उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई की जद में आए युवकों में अंश कुमार (22), नमन पगार (19), अमित कुमार जयसवार (20), नितिन शर्मा (23) और आर्यन मिश्रा (21) शामिल हैं। सभी हाउसिंग बोर्ड, जामुल क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
बिना नंबर प्लेट और काले शीशे वाली थार पर भी कार्रवाई
थाना परिसर पहुंची थार वाहन की भी पुलिस ने जांच की। वाहन में नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इसके अलावा वाहन के शीशों पर काली फिल्म लगी हुई थी और आवश्यक वाहन दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। पुलिस ने थार के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
देर रात स्टंटबाजी कर बना रहे थे रील
पुलिस के अनुसार युवक देर रात सार्वजनिक सड़क पर तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहन से स्टंट करते हुए सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस कार्रवाई के बाद उनके कुछ साथी शराब के नशे में थाना परिसर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल अल्कोहल परीक्षण कराते हुए नशे में पाए गए युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं। सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, तेज गति और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने से स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित नंबर प्लेट लगाने, शीशे पारदर्शी रखने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्ती से कार्रवाई जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।
Link : https://shricgnewscreator.com/youth-caught-by-police-while-performing-stunts-on-a-bullet-motorcycle-to-make-a-reel-under-the-influence-of-alcohol/













