नेहरू नगर चौक पर चाकूबाजी में घायल युवक की मौत, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Editor
By Editor 4 Min Read

चिचोला जाने बस का इंतजार कर रहा था 26 वर्षीय शिव कुमार, स्कूटी सवारों से विवाद के बाद युवक ने चाकू मारकर किया घायल

भिलाई। नेहरू नगर चौक पर शनिवार देर रात हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय युवक की रविवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान कैंप-1 निवासी शिव कुमार सिंह पिता अवधेश सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद सुपेला पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

मिली जानकारी के अनुसार शिव कुमार सिंह 151-डी, सुभाष चौक, कैंप-1 का निवासी था। वह अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से शनिवार रात नेहरू नगर चौक पहुंचा था। शिव कुमार को चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। रात करीब 11:30 बजे वह चिचोला जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था।

ट्रक नहीं रुका तो स्कूटी सवारों को रोका

बताया गया है कि शिव कुमार सड़क से गुजर रहे एक ट्रक को लिफ्ट के लिए रोकने का प्रयास कर रहा था, लेकिन ट्रक नहीं रुका। इसके बाद उसने वहां से गुजर रही स्कूटी को रुकवाया। स्कूटी पर दो युवक और एक युवती सवार थे। इसी बात को लेकर शिव कुमार और स्कूटी सवार युवकों के बीच बहस शुरू हो गई।

बहस के दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने चाकू निकालकर शिव कुमार की बाईं जांघ के सामने की तरफ, थाई के ऊपर वार कर दिया। चाकू लगने से शिव कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

वारदात के बाद अंडरब्रिज की ओर भागे आरोपित

घटना के बाद स्कूटी सवार युवक और युवती नेहरू नगर चौक स्थित ब्रिज के नीचे से अंडरब्रिज की ओर भाग निकले। जानकारी के अनुसार आरोपित दो स्कूटी पर सवार थे और उनकी संख्या चार युवकों व एक युवती की बताई जा रही है। हालांकि घटनास्थल पर मौजूद घायल युवक के साथी आरोपितों के वाहन का नंबर नहीं देख पाए।

हाईटेक अस्पताल से शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज भेजा गया

घटना की सूचना मिलने के बाद सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिव कुमार सिंह को उपचार के लिए हाईटेक अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर हाईटेक अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान रविवार सुबह शिव कुमार की मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों की तलाश तेज कर दी है। सुपेला पुलिस ने अपराध दर्ज कर आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस वारदात के समय घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम जुटी हुई है।

Link : https://shricgnewscreator.com/youth-injured-in-stabbing-at-nehru-nagar-chowk-dies-police-searching-for-the-accused/

Share This Article