पाटन शराब भट्टी में हुई थी मारपीट, पेट व निजी अंग के आसपास लात-घूंसों से किया था हमला; उपचार के बाद घर पहुंचते ही बिगड़ी तबीयत
पाटन, पाटन थाना क्षेत्र में शराब पीने की बात को लेकर हुए विवाद में मारपीट के बाद एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मामले में पाटन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित विपिन चंद्राकर (28) निवासी ग्राम चीचा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 294/2026 के तहत धारा 103 बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार घटना 19 अगस्त की शाम करीब चार बजे की है। ग्राम फुण्डा के वार्ड क्रमांक 11, पुराना बाजार चौक निवासी रूपेश कुमार वर्मा (22) शराब खरीदने के लिए पाटन शराब भट्टी पहुंचा था। इसी दौरान ग्राम चीचा निवासी विपिन चंद्राकर से शराब पीने की बात को लेकर उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
पेट और निजी अंग के आसपास मारी लात-घूंसे
मारपीट के दौरान आरोपित ने रूपेश के पेट एवं निजी अंग के आसपास लात-घूंसों से हमला किया। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम पहुंची और घायल रूपेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात में तबीयत में कुछ सुधार होने पर परिजन उसे अस्पताल से घर ले आए।
बताया गया कि घर पहुंचने के कुछ समय बाद रात करीब नौ बजे रूपेश की तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई आंतरिक चोट
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने पंचों के बयान दर्ज किए। चिकित्सकीय शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर में आंतरिक चोट पाए जाने की जानकारी सामने आई। जांच में मारपीट के दौरान पेट एवं निजी अंग के आसपास चोट पहुंचाए जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज किया।
टीम गठित कर आरोपित को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पाटन थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपित की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने 20 अगस्त को विपिन चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और विवेचना के बाद आरोपित को विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान हाथ-मुक्के और लात से की गई मारपीट के कारण मृतक को आंतरिक चोटें आई थीं। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने से मौत हुई।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब अथवा किसी अन्य कारण से विवाद होने पर कानून हाथ में न लें। विवाद को मारपीट में बदलने से रोकें और गंभीर स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। हिंसक गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में थाना प्रभारी पाटन निरीक्षक राजेश मिश्रा सहित थाना पाटन स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Link : https://shricgnewscreator.com/youth-dies-following-assault-over-a-dispute-regarding-alcohol-consumption-accused-arrested/








