माय छोटा स्कूल में शान से लहराया तिरंगा

Editor
By Editor 3 Min Read

स्वतंत्रता दिवस पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में दी मनमोहक प्रस्तुतियां, देशभक्ति गीतों पर किया समूह नृत्य

भिलाई-3, स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर मानसरोवर कॉलोनी, पदुम नगर स्थित माय छोटा स्कूल में ध्वजारोहण एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और देशभक्ति के माहौल में किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी राम कुमार साहू एवं महिला आरोग्य समिति की अध्यक्ष चंचल साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के तैलचित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने ध्वजारोहण किया। विद्यालय के बच्चों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने एक स्वर में राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत प्रस्तुत कर देश के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की।

स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में दिखे बच्चे

कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने महात्मा गांधी, भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, रानी लक्ष्मीबाई और भारत माता सहित विभिन्न स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के उत्साह, संवाद और आत्मविश्वास ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।

नन्हे कलाकारों ने देशभक्ति के गीतों पर सुंदर एवं सुव्यवस्थित समूह नृत्य भी प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। अभिभावकों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी : राम कुमार साहू

मुख्य अतिथि राम कुमार साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चों को शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें अच्छे संस्कार विकसित करना भी जरूरी है। यही बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों में देशप्रेम, अनुशासन और संस्कार की भावना बचपन से विकसित की जानी चाहिए।

उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों को संस्कारवान, जिम्मेदार और देशभक्त नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में माय छोटा स्कूल के संचालक कोमेन्द्र कुमार, हेड मिस्ट्रेस माधुरी साहू सहित शिक्षिकाएं भवानी लामा, नालंदा उइके, प्रज्ञा दामले, स्नेहा पटेल, एन. हर्षिता, मधु साहू एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की ओर से सभी बच्चों एवं उपस्थित अभिभावकों को मिठाई वितरित की गई। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने बच्चों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत किया।

Link : https://shricgnewscreator.com/the-tricolour-was-proudly-hoisted-at-my-chhota-school/

Share This Article