च्वाइस सेंटर के हिसाब-किताब पर खूनी विवाद, बड़े भाई ने कुल्हाड़ी से हमला कर छोटे भाई की हत्या

Editor
By Editor 2 Min Read

साईं नगर बघेरा में सुबह-सुबह हुई वारदात से सनसनी, पुलिस ने आरोपी भाई को किया गिरफ्तार

भिलाई, दुर्ग शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। साईं नगर बघेरा में च्वाइस सेंटर के संचालन और हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार साईं नगर बघेरा निवासी देवेंद्र देवांगन और उसका छोटा भाई कैलाश देवांगन च्वाइस सेंटर के कारोबार से जुड़े थे। दोनों के बीच सेंटर के संचालन, कमाई के हिसाब-किताब और पुराने च्वाइस सेंटर के अधिक चलने को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर बुधवार सुबह करीब 5 बजे दोनों भाइयों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर दोनों भाइयों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई। इसी दौरान गुस्से में आए देवेंद्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी से कैलाश के सिर पर वार कर दिया। हमले में कैलाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी देवेंद्र देवांगन को धारा 103(1) के तहत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की जांच के साथ आगे की विवेचना की जा रही है।

Link : https://shricgnewscreator.com/lethal-dispute-over-choice-center-accounts-elder-brother-kills-younger-brother-by-attacking-him-with-an-axe/

Share This Article