चरोदा में सिंचाई नहर के किनारे होगा सड़क निर्माण, रेलवे ने दी एनओसी

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल ने जीई रोड कैनाल जंक्शन से पौनी पसारी चरोदा तक रेलवे परिसर में वैकल्पिक सार्वजनिक सड़क के निर्माण एवं विकास के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दिया है। रेलवे ने यह अनुमति राज्य शासन/स्थानीय निकाय के व्यय पर प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए दी है। इसकी जानकारी सोमवार को महापौर निर्मल कोसरे ने दी। इस दौरान उनके साथ निगम के सभापित कृष्णा चंद्राकर व अनशन करने वाले पार्षद टेनेंद्र ठाकरे एवं एमआइसी सदस्य मोहन साहू सहित अन्य थे।

वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय), रायपुर की ओर से 10 अगस्त 2026 को नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा आयुक्त को जारी पत्र में कहा गया है कि स्थानीय यातायात एवं आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे परिसर में नहर सीमा के किनारे प्रस्तावित सड़क का निर्माण प्रस्तुत लेआउट प्लान के अनुसार किया जा सकता है।
रेलवे ने एनओसी के साथ कई शर्तें भी निर्धारित की हैं।

प्रस्तावित सड़क शुरू होने के बाद सौर संयंत्र से होकर गुजरने वाली वर्तमान चरोदा-दादर जाने वाली वर्तमान सड़क को बंद करना होगा। रेलवे भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण या अवरोध नहीं किया जा सकेगा। सड़क के बड़े मरम्मत एवं सुधार कार्य का पूरा खर्च राज्य शासन, स्थानीय निकाय अथवा संबंधित एजेंसी को वहन करना होगा। इसके अलावा किसी नए मार्गाधिकार अथवा आवागमन के अतिरिक्त अधिकार का निर्माण नहीं किया जाएगा।

वीडियो

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित शर्तों का उल्लंघन होने पर जारी एनओसी स्वतः निरस्त मानी जाएगी। संबंधित अधिकारियों को स्थल पर मौजूद अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Link : https://shricgnewscreator.com/road-to-be-constructed-along-the-irrigation-canal-in-charoda-railways-grants-noc/

Share This Article