स्टोर पारा में जीआरपी की ताबड़तोड़ कार्रवाई, बाहरी किराएदारों का हुआ सत्यापन

Editor
By Editor 3 Min Read

अलसुबह घर-घर पहुंची पुलिस, संदिग्धों के दस्तावेज खंगाले, मकान मालिकों को दी हिदायत

भिलाई, रेलवे स्टेशन और ट्रैक से लगे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने गुरुवार सुबह पुरैना के वार्ड क्रमांक-30  स्थित स्टोर पारा में सघन सत्यापन अभियान चलाया। सुबह-सुबह बड़ी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने से पूरे इलाके में हलचल मच गई। कार्रवाई के दौरान बाहरी राज्यों एवं जिलों से आकर किराए पर रह रहे लोगों की पहचान और दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया गया।

जीआरपी की टीम ने घर-घर पहुंचकर किराएदारों से आधार कार्ड एवं अन्य पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की। जिन व्यक्तियों के दस्तावेजों को लेकर संदेह की स्थिति बनी, उनके रिकॉर्ड का पुलिस स्तर पर सत्यापन कराने के लिए आवश्यक जानकारी एकत्र की गई। पुलिस ने मकान मालिकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना पुलिस सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराए पर मकान न दें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

अभियान का नेतृत्व जीआरपी थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने किया। उनके साथ चरोदा चौकी प्रभारी गोपीनाथ पैकरा, दुर्ग चौकी प्रभारी राजेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। पुलिस ने पूरे स्टोर पारा क्षेत्र की घेराबंदी कर एक-एक गली और संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली।
स्टोर पारा क्षेत्र पूर्व में जुआ, सट्टा और नशे के अवैध कारोबार को लेकर कई बार चर्चा में रहा है। पुलिस के अनुसार बाहरी व्यक्तियों के यहां आकर रहने की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं। क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते मारपीट और गंभीर आपराधिक घटनाएं भी हो चुकी हैं। रेलवे की जमीन पर बसी इस बस्ती की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी जीआरपी के पास है।

बयान
रेलवे परिसर और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। किराएदारों का सत्यापन सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे। आम नागरिक भी किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
राजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, जीआरपी भिलाई

Link : https://shricgnewscreator.com/grp-conducts-a-swift-intensive-operation-at-store-para-verification-of-outside-tenants-carried-out/

Share This Article