अमलेश्वर के ग्राम जमराव में एसडीआरएफ ने डीप डाइविंग कर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, मृतक रायपुर के देवपुरी का 22 वर्षीय युवक
दुर्ग, अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक रविवार शाम नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया था। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह दोबारा शुरू किए गए अभियान में करीब 9:05 बजे युवक का शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे थाना अमलेश्वर के ग्राम जमराव स्थित खारून नदी में 12 दोस्त पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान 22 वर्षीय टोमेश ध्रुव पिता चुन्नूलाल ध्रुव, निवासी देवपुरी कमल विहार, रायपुर नदी में नहाने उतरा। तेज बहाव के कारण वह संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते पानी में बह गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस और कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ दुर्ग की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने देर रात तक युवक की तलाश की, लेकिन अंधेरा और नदी की परिस्थितियों को देखते हुए अभियान स्थगित करना पड़ा।
सोमवार सुबह करीब 5 बजे एसडीआरएफ की टीम दोबारा मौके पर पहुंची और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने तेज बहाव के बीच गहराई में उतरकर खोजबीन की। करीब सुबह 9:05 बजे युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया, जिसे आवश्यक कार्रवाई के लिए अमलेश्वर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व प्रभारी ईश्वर खरे ने किया। टीम में चंद्रप्रताप जंघेल, राजकुमार यादव, हबीब खान, राजू महानंद, आशीष, गोपी, थानेश्वर, चंद्रप्रकाश और भानुप्रताप शामिल रहे। एसडीआरएफ के त्वरित और समन्वित प्रयासों से शव को बरामद कर परिजनों तक पहुंचाने की कार्रवाई पूरी की गई।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं प्रशासन ने बारिश के मौसम में नदी-नालों के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में नहाने या पिकनिक के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
Link : https://shricgnewscreator.com/picnic-at-kharun-river-turns-tragic-body-of-youth-swept-away-by-strong-current-recovered-after-16-hours/








