खुर्सीपार, बालाजी नगर में आयोजित कार्यक्रम में अग्निकुल क्षत्रिय समाजम के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजजनों ने दी श्रद्धांजलि
भिलाई, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आदिवासी जननायक महायोद्धा अल्लूरी सीताराम राजू की जयंती के अवसर पर सोमवार, 6 जुलाई को खुर्सीपार के बालाजी नगर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने उनके साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अग्निकुल क्षत्रिय समाजम, खुर्सीपार मंडल के पदाधिकारी, सलाहकार, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अल्लूरी सीताराम राजू के स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया तथा उनके जीवन संघर्ष और बलिदान पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि अल्लूरी सीताराम राजू ने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध आदिवासी समाज को संगठित कर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उनका साहस, नेतृत्व और देशभक्ति आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा और समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वीर स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू अमर रहें के जयघोष के साथ हुआ।






