भिलाई स्टील प्लांट में दीवार फांदकर स्क्रैप लोहा चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार

Editor
By Editor 3 Min Read

220 किलो स्क्रैप आयरन, स्कूटी और मोबाइल जब्त; एक आरोपी मौके से पकड़ा गया, तीसरे की तलाश जारी

भिलाई, भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) परिसर में दीवार फांदकर स्क्रैप लोहा चोरी करने वाले दो आरोपियों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 220 किलोग्राम स्क्रैप आयरन, चोरी में प्रयुक्त स्कूटी और मोबाइल फोन सहित कुल करीब 52,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की भिलाई इस्पात संयंत्र इकाई ने थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 30 जून की रात करीब 8 बजे केनाल गेट के पास बिना नंबर की स्कूटी पर सवार दो युवक लगभग 220 किलोग्राम स्क्रैप आयरन लेकर जा रहे थे। सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो स्कूटी के पीछे बैठा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि चालक को चोरी के माल सहित मौके पर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान सोनू नायक (25) निवासी सेक्टर-5, भिलाई के रूप में बताई। उसने अपने साथियों के साथ भिलाई स्टील प्लांट की दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश कर स्क्रैप लोहा चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 220 किलो स्क्रैप आयरन, एक स्कूटी और विवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 52,500 रुपये आंकी गई है। आरोपी सोनू नायक को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने 3 जुलाई को मामले के दूसरे आरोपी पुष्पेंद्र दीप उर्फ पुष्पा (32) निवासी उड़िया बस्ती, सेक्टर-5, भिलाई को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से अवैध रूप से भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश कर स्क्रैप लोहा चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना भिलाई भट्ठी के थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश कांत, उपनिरीक्षक भारत सिंह चौधरी, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू तथा आरक्षक रोशन भट्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article