शादी की व्यस्तता का उठाया फायदा, तकनीकी जांच से रायपुर में दबोचे गए आरोपी; ₹43,500 की नगदी व मोबाइल बरामद
दुर्ग, घर की बुजुर्ग महिला की देखभाल की जिम्मेदारी निभाने वाली केयरटेकर ने ही विश्वास को ठेस पहुंचाते हुए शादी समारोह की व्यस्तता का फायदा उठाकर घर से नगदी चोरी कर ली। मामले का खुलासा होने पर स्मृति नगर चौकी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला और उसके प्रेमी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की ₹23,500 नगद राशि और दो मोबाइल फोन सहित कुल ₹43,500 मूल्य की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, सूर्या विहार कॉलोनी जुनवानी निवासी रोहन कुखरानिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी वृद्ध माता की देखरेख के लिए ममता चौहान पिछले करीब दो वर्षों से केयरटेकर के रूप में कार्यरत थी। 26 और 27 जून को घर में विवाह समारोह होने के कारण पूरा परिवार कार्यक्रम की तैयारियों में व्यस्त था। इसी दौरान आरोपी महिला ने घर की अलमारी में रखी नगदी चोरी कर ली और बिना किसी सूचना के घर छोड़कर चली गई।
शिकायत के आधार पर सुपेला थाना में अपराध क्रमांक 933/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 306 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने आरोपी महिला के मोबाइल नंबर का तकनीकी विश्लेषण कर उसकी लोकेशन ट्रेस की। इसके आधार पर पुलिस ने रायपुर पहुंचकर ममता चौहान और उसके प्रेमी शीतल वर्मा को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान ममता चौहान ने स्वीकार किया कि उसके प्रेमी शीतल वर्मा को पैसों की जरूरत थी। उसी के कहने पर उसने घर की अलमारी से नगदी चोरी की थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की ₹23,500 नगद राशि और दो मोबाइल फोन जब्त किए, जिनकी कुल कीमत ₹43,500 आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया है।
प्रेमी के लिए किया विश्वासघात
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने अपने प्रेमी की आर्थिक जरूरत पूरी करने के उद्देश्य से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर में लंबे समय से काम करने के कारण उसे अलमारी और नगदी रखने की पूरी जानकारी थी, जिसका उसने दुरुपयोग किया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में प्रधान आरक्षक मो. अहफाज खान, प्रधान आरक्षक जितेंद्र कुशवाहा, आरक्षक गोविंद साहू, आरक्षक हर्षित शुक्ला, महिला आरक्षक जयश्री तथा महिला आरक्षक मीरा वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरेलू सहायकों, नौकर-नौकरानियों और केयरटेकर का नियुक्ति से पहले पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।






