व्हिसलिंगवुड्स रिसॉर्ट सील, तकनीकी साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
भिलाई, मनगटा स्थित व्हिसलिंगवुड्स रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिसॉर्ट संचालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने युवती को जबरन शराब पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रिसॉर्ट को भी सील कर दिया है।
पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री से सूचना मिलने पर थाना सोमनी में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के कारण मामले की जांच उच्च अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल निरीक्षण, परिजनों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अध्ययन में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु अपने दो साथियों छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख और घनश्याम बेलचंदन के साथ युवती को रायपुर ले गया था। इस दौरान रास्ते में उसे जबरन शराब पिलाई गई और बाद में व्हिसलिंगवुड्स रिसॉर्ट लाया गया।
पुलिस का कहना है कि युवती के नशे की हालत में होने का फायदा उठाते हुए मुख्य आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान युवती को चोटें भी पहुंचीं। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
रिसॉर्ट संचालक ही निकला मुख्य आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
- आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26 वर्ष), निवासी बुचीभरदा, जिला राजनांदगांव
- छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25 वर्ष), निवासी टेड़ेसरा, थाना सोमनी
- घनश्याम बेलचंदन (25 वर्ष), निवासी निकुम, जिला दुर्ग
पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
एसपी के निर्देशन में गठित हुई थी विशेष टीम
मामले की जांच पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो और वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक दिलीप पटेल तथा साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में संयुक्त टीम बनाई गई थी।
रिसॉर्ट मालिकों के लिए भी सख्त संदेश
पुलिस ने घटना से जुड़े व्हिसलिंगवुड्स रिसॉर्ट को नियमानुसार सील कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पर्यटन और मनोरंजन स्थलों में कानून व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को जिले के अन्य रिसॉर्ट संचालकों के लिए भी सख्त चेतावनी माना जा रहा है।
पुलिस का दावा: वैज्ञानिक जांच से जल्द खुला मामला
पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल सबूतों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मामले का तेजी से खुलासा किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, जबकि मामले की आगे की वैधानिक जांच जारी है।






