कबीर साहब के 629वें प्रकट दिवस पर सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता अभियान आयोजित

Editor
By Editor 3 Min Read

यातायात पुलिस, साइबर सेल एवं श्रमजीवी पत्रकार संघ के संयुक्त प्रयास से ग्राम करहीडीह में हुआ जनजागरूकता कार्यक्रम, महिला कमांडो को वितरित किए सुरक्षा किट

दुर्ग, कबीर साहब के 629वें प्रकट दिवस के अवसर पर रविवार को ग्राम करहीडीह स्थित कबीर नगर में सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्रमजीवी पत्रकार संघ दुर्ग जिला इकाई के अध्यक्ष ललित साहू के नेतृत्व में यातायात पुलिस दुर्ग एवं साइबर सेल दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, नशे के दुष्प्रभावों से बचाव तथा साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन कर कई दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए सुरक्षित वाहन संचालन की अपील की। वहीं साइबर सेल की टीम ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे एवं डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी प्रदान की। नागरिकों से सोशल मीडिया और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने की अपील भी की गई।

कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला कमांडो को सुरक्षा किट वितरित किए गए। साथ ही समाज में जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। आयोजन में लगभग 100 से 150 महिला एवं पुरुष नागरिकों की सहभागिता रही।

इस अवसर पर डीसीपी ट्रैफिक  सदानंद सिंह, साइबर प्रभारी संकल्प राय, जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समिति मिश्रा, ग्राम करहीडीह स्कूल के प्राचार्य  शर्मा, साहू समाज करहीडीह के अध्यक्ष  राजेश साहू, पूर्व अध्यक्ष  रोहित साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम समाचार लेखन तक जारी रहा।

जनजागरूकता में निभाई सराहनीय भूमिका

यातायात पुलिस दुर्ग, साइबर सेल दुर्ग, श्रमजीवी पत्रकार संघ दुर्ग जिला इकाई एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने एवं सामाजिक जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे से दूर रहें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि जनसहयोग से ही सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है।

Share This Article