वैशाली नगर के वृंदानगर में सनसनी, पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से कर रही जांच
भिलाई, शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित वृंदानगर में रविवार सुबह पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के सामने वाले कमरे में पत्नी जी विद्यावती (52) का शव जमीन पर पड़ा मिला, जबकि भीतर के कमरे में पति जी वेंकट रमन मूर्ति (55) फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में पति की मौत आत्महत्या प्रतीत हो रही है, लेकिन पत्नी की मौत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। इसी वजह से पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक जी वेंकट रमन मूर्ति ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। दंपती घर में अकेले रहते थे, जबकि उनका एक बेटा ओडिशा में नौकरी करता है। रविवार सुबह घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोस में रहने वाली मृतक की मां घर पहुंचीं। अंदर का दृश्य देखकर वह घबरा गईं। उन्होंने सामने वाले कमरे में जी विद्यावती को मृत अवस्था में देखा, जबकि भीतर के कमरे में उनका बेटा फंदे पर लटका मिला। इसके बाद छोटे बेटे जी माधव राव को सूचना दी गई, जिसने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। मौके से एक मोबाइल फोन भी मिला है, जो लॉक अवस्था में है। पुलिस उसे खोलने का प्रयास कर रही है ताकि कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सके।
घटनास्थल पर फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से भौतिक साक्ष्य जुटाने के साथ फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।






