रायपुर रेल मंडल में विश्व पर्यावरण अभियान का समापन, वृक्षारोपण के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Editor
By Editor 4 Min Read

विश्व पर्यावरण दिवस पर मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने रेल परिवार को किया संबोधित, जलवायु परिवर्तन से निपटने सामूहिक प्रयासों पर दिया जोर

रायपुर, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शनिवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम और समापन समारोह का आयोजन किया गया। इसके साथ ही 15 मई से 5 जून 2026 तक चले विश्व पर्यावरण अभियान का विधिवत समापन हुआ। अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस वर्ष अभियान की थीम “जलवायु परिवर्तन (क्लाइमेट चेंज)” रही, जिसे वर्तमान समय की सबसे गंभीर वैश्विक चुनौतियों में शामिल माना जाता है। अभियान के अंतर्गत रायपुर मंडल द्वारा वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी अनेक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों और रेलवे से जुड़े विभिन्न संस्थानों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

फोटो: रायपुर रेल मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों का सामना कर रही है। बढ़ता वैश्विक तापमान, अनियमित वर्षा, प्राकृतिक संसाधनों का लगातार क्षरण और बढ़ता प्रदूषण मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की अनिवार्य जिम्मेदारी बन गई है।

उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध कराना हम सभी का नैतिक दायित्व है। भारतीय रेल सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमेशा प्रतिबद्ध रही है। ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक उन्मूलन, हरित ऊर्जा के उपयोग और वृक्षारोपण जैसे प्रयासों के माध्यम से भारतीय रेल देश के हरित भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

फोटो: रेलवे अस्पताल, बीएमवाई में विश्व पर्यावरण दिवस

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि रायपुर रेल मंडल भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। स्टेशन परिसरों की स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा हरित क्षेत्रों के विस्तार के लिए लगातार पहल की जा रही है। इन प्रयासों से न केवल रेलवे परिसर स्वच्छ और सुंदर बन रहे हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के राष्ट्रीय लक्ष्यों को भी मजबूती मिल रही है।

कार्यक्रम के दौरान विश्व पर्यावरण अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले कर्मचारियों, स्काउट एवं गाइड सदस्यों तथा अन्य सहयोगियों को मंडल रेल प्रबंधक दयानंद द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

फोटो: दुर्ग रेलवे स्टेशन में विश्व पर्यावरण दिवस

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (समन्वय) समर कर सहित रायपुर रेल मंडल के अनेक वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सहायक मंडल यांत्रिक अभियंता रायपुर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

Share This Article