मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को सौंपे वय वंदन कार्ड, आयुष्मान व आभा आईडी बनाने पर भी दिया गया जोर
दुर्ग, जिला स्तरीय विशेष जनसमस्या निवारण एवं सुशासन तिहार शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष पहल की गई। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह की उपस्थिति में स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
शिविर के दौरान एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन लगवा चुकी किशोरी बालिकाओं को ई-सर्टिफिकेट ऑफ वैक्सीनेशन वितरित किए गए। वहीं 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों वय वंदन कार्ड प्रदान किए गए।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. दिव्या श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में अब तक 2507 किशोरी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। जिले में कुल 18,271 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसे प्राप्त करने के लिए 1 जून से 31 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि अभियान मोड में कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा कर लिया जाएगा।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव गलेड ने बताया कि आयुष्मान कार्ड एवं 70 प्लस आयु वर्ग के नागरिकों के लिए वय वंदन कार्ड बनाने का कार्य केवल शिविरों तक सीमित नहीं रहेगा। स्वास्थ्य विभाग का अमला प्रतिदिन हितग्राहियों तक पहुंचकर इन कार्डों का निर्माण करेगा, ताकि पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ सहजता से मिल सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी ने शिविर में उपस्थित नागरिकों से आभा आईडी बनवाने तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत संचालित निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में आभा आईडी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी।
स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में महामारी नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे ने लोगों को लू प्रबंधन एवं आपदा प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी महामारी अथवा आपात स्वास्थ्य स्थिति में स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर सहयोग करें, जिससे त्वरित नियंत्रण एवं राहत कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
शिविर के सफल संचालन में शहरी खंड चिकित्सा अधिकारी दुर्ग डॉ. जय कुमार चुनारकर, सीटी प्रोग्राम मैनेजर संजू दुबे, डॉ. मुरली मनोहर वर्मा, दुष्यंत वर्मा, दीप्ति ठाकुर, नीलम, नेतराम साहू, धनेश्वरी सहित सभी नोडल अधिकारियों, सलाहकारों, समन्वयकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाया। शिविर के माध्यम से शासन की स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए गए।




