अमलेश्वरडीह में आयोजित शिविर में बीपी, शुगर एवं हीमोग्लोबिन जांच की गई, 79 हितग्राहियों ने उठाया लाभ
पाटन, संचालनालय आयुष के निर्देशन तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में सुशासन तिहार के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम अमलेश्वरडीह, पाटन में विशेष आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। आयुष स्पेशल क्लिनिक भिलाई-3 द्वारा आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सा परामर्श एवं औषधि वितरण की सुविधा प्रदान की गई।
शिविर के दौरान कुल 79 हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें रक्तचाप (बीपी), रक्त शर्करा (शुगर) तथा हीमोग्लोबिन (एचबी) की जांच शामिल रही। जांच के माध्यम से लोगों को अपने स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी दी गई तथा आवश्यक सावधानियों एवं उपचार संबंधी सलाह भी प्रदान की गई।
आयोजित शिविर में कुल 103 मरीजों को निशुल्क आयुष चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराया गया। साथ ही विभिन्न रोगों के उपचार हेतु आवश्यक आयुर्वेदिक औषधियों का भी नि:शुल्क वितरण किया गया। चिकित्सकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा योग एवं आयुर्वेद के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
शिविर को सफल बनाने में आयुष विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान डॉ. अर्पिता शर्मा, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी ने मरीजों का परीक्षण कर स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया। वहीं वेद प्रकाश वर्मा, फार्मासिस्ट आयुर्वेद खुडमुड़ी तथा रिंकू वर्मा, औषधालय सेवक औंधी ने शिविर संचालन एवं औषधि वितरण में महत्वपूर्ण सेवाएं दीं।
ग्रामीणों ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ परामर्श और उपचार की सुविधा सहज रूप से उपलब्ध हो रही है। आयुष विभाग द्वारा जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।




