देर रात तक गूंजते रहे गीत-ग़ज़ल, साहित्यकारों, समाजसेवियों और युवा पत्रकारों का हुआ सम्मान
भिलाई, बरेली, शुभम साहित्य व सामाजिक संस्था द्वारा शनिवार को ख़ुशहाली सभागार में भव्य गंगा-जमुनी कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संस्था की अध्यक्षा सत्यवती सिंह सत्या के नेतृत्व में आयोजित हुआ। समारोह की अध्यक्षता मशहूर शायर विनय सागर जायसवाल ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आचार्य देवेंद्र देव उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में रणधीर प्रसाद गौड़, एस. के. कपूर एवं ऋषि कुमार शर्मा शामिल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदे की वंदना के साथ हुआ, जिसे कवि मनोज दीक्षित टिंकू ने प्रस्तुत किया। वहीं कार्यक्रम का संचालन शायर राज शुक्ल ग़ज़लराज ने प्रभावशाली अंदाज में किया।

कवि सम्मेलन में मंचासीन कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। इस दौरान हिमांशु श्रोतिय निष्पक्ष, मनोज सक्सेना, बिजेंद्र अकिंचन, गजेंद्र पाल सिंह, उमेश त्रिगुणायत अद्भुत, रामधनी निर्मल, सरवत परवेज़, अली कामरान, आरिफ़ आज़ाद, डॉ. मिथिलेश राकेश, नीतू गोयल, रामकुमार भारद्वाज अफ़रोज़, कमलकांत तिवारी, मुकेश मीत, प्रताप मौर्य मृदुल एवं रहमान शम्सी सहित कई रचनाकारों ने अपनी बेहतरीन गीत, ग़ज़ल और काव्य प्रस्तुतियों से माहौल को साहित्यिक रंग में रंग दिया।
समारोह के दौरान शायर अभिषेक अग्निहोत्री एवं समाजसेवी डॉ. अंचल अहेरी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने वाले चार युवा पत्रकारों को भी सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में साहित्य प्रेमियों और शहर के गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। गंगा-जमुनी तहज़ीब और साहित्यिक सौहार्द से ओतप्रोत यह आयोजन देर रात तक सराहना बटोरता रहा।




